2027 यूपी विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी ने बड़ा संगठनात्मक फेरबदल करते हुए सभी ज़िला कार्यकारिणियों को भंग कर दिया है। अखिलेश यादव ने भाजपा को भू-माफिया पार्टी बताते हुए 2027 में सपा की सरकार बनने का दावा किया है।
अंजनी कुमार त्रिपाठी की रिपोर्ट
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 2027 में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी (सपा) ने संगठनात्मक स्तर पर बड़ा बदलाव करते हुए सियासी हलकों में हलचल मचा दी है। पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कुशीनगर को छोड़कर पूरे प्रदेश की जिला कार्यकारिणी, विधानसभा इकाइयों और फ्रंटल संगठनों की ज़िला इकाइयों को भंग कर दिया है।
पुनर्गठन के जरिए संगठन को धार देने की तैयारी
पार्टी के आधिकारिक एक्स (पूर्व में ट्विटर) हैंडल पर जारी बयान में बताया गया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने यह फैसला लिया है। इस कदम का उद्देश्य पार्टी के ढांचे को मजबूत करना और आगामी चुनावों के मद्देनज़र रणनीतिक रूप से नए सिरे से संगठन को तैयार करना है।
इस पुनर्गठन में केवल कुशीनगर ज़िले को छोड़कर पूरे प्रदेश की सभी ज़िला कार्यकारिणियां और विधानसभा इकाइयों को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया गया है।
भाजपा पर तीखा हमला, ‘तानाशाही और भ्रष्टाचार’ का आरोप
पार्टी संगठन के फेरबदल के साथ-साथ अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर भी करारा प्रहार किया। उन्होंने भाजपा को “अलोकतांत्रिक” और “तानाशाही प्रवृत्ति” वाली पार्टी करार देते हुए कहा कि भाजपा संविधान के लिए सीधा खतरा बन चुकी है।
उन्होंने आरोप लगाया कि,
“उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार अराजकता फैलाना चाहती है। प्रदेश का हर विभाग भ्रष्टाचार की चपेट में है, कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। दिनदहाड़े हत्याएं और लूट की वारदातें आम हो गई हैं।”
“भू-माफिया पार्टी” बन चुकी है भाजपा – अखिलेश
सपा प्रमुख ने भाजपा को “भू-माफिया पार्टी” करार देते हुए कहा कि भाजपा नेता गरीबों और सरकारी ज़मीनों पर अवैध कब्ज़ा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि
“सरकार जनता के हितों की रक्षा करने में विफल रही है। भाजपा की नीतियां आम जनता के खिलाफ हैं। वहीं समाजवादी पार्टी ने एक्सप्रेस-वे, मेट्रो और आधारभूत ढांचे के विकास के ज़रिए उत्तर प्रदेश को नई दिशा दी।”
2027 में बनेगी समाजवादी सरकार – अखिलेश का दावा
अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता भीषण गर्मी में भी जनसंपर्क और संघर्ष की मुहिम चला रहे हैं। उन्होंने विश्वास के साथ कहा कि
“प्रदेश की जनता अब बदलाव चाहती है। 2027 में भाजपा को सत्ता से बेदखल कर समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी।”